ओडीओपी के साथ ओडीओसी को भी आगे बढ़ा रही सरकार : ब्रजेश पाठक


लखनऊ 12 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर में हुए सकारात्मक बदलावों से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि “एक जनपद एक उत्पाद” (ओडीओपी) के साथ-साथ “एक जनपद एक व्यंजन” (ओडीओसी) को भी आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री रविवार को एक निजी होटल में आयोजित एमएसएमई ओडीओपी-ओडीओसी समिट/एक्सपो को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और उद्योग संवाद के प्रमुख अमित गुप्ता ने रितेश अग्रवाल, मनोज गोयल और रोहित महेश्वरी को “उद्यम रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया।
अमित गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ओडीओपी योजना के तहत व्यापक कार्य हुआ है और अब ओडीओसी के जरिए जौनपुर की इमरती, बांदा का सोहन हलवा, आगरा का पेठा जैसे पारंपरिक व्यंजनों को “लोकल से वोकल” अभियान के तहत देशभर में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से अपने व्यवसाय को जिला स्तर से बाहर ले जाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुकेश मेश्राम ने कहा कि उत्तर प्रदेश संभावनाओं से भरा राज्य है और पशुधन, मत्स्य पालन व पोल्ट्री जैसे क्षेत्रों में सरकार व्यापक सहयोग दे रही है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा डिजिटल प्लेटफॉर्म और सब्सिडी योजनाओं के माध्यम से लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
संयुक्त निदेशक बी.के. वर्मा ने कहा कि अब एमएसएमई रजिस्ट्रेशन पूरी तरह ऑनलाइन हो गया है और सरकार उत्पादों की मार्केटिंग व ब्रांडिंग में भी मदद कर रही है। एक्सपो में चंदौली की जरी-जरदोजी, प्रतापगढ़ का आंवला मुरब्बा, लखनऊ की चिकनकारी, बांदा का सोहन हलवा, जौनपुर की इमरती और आगरा के पेठा सहित कई उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना