चुनाव आयोग ने ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की


नयी दिल्ली, 04 अप्रैल (वार्ता) चुनाव आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव और उपचुनावों को लेकर डिजिटल पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए नागरिकों से ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की अपील की है।

आयोग ने शनिवार को कहा कि ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता अपने उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, आपराधिक पृष्ठभूमि, संपत्ति और देनदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि असम, केरल और पुड्डुचेरी में होने वाले चुनावों तथा चार राज्यों के उपचुनावों के लिए कुल 1,955 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन सीटों पर आगामी नौ अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल (पहला चरण) के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अप्रैल, जबकि पश्चिम बंगाल (दूसरा चरण) के लिए 13 अप्रैल है।
आयोग के अनुसार ईसीआईएनईटी को दुनिया का सबसे बड़ा चुनावी सेवा मंच बताया जा रहा है, जो चुनाव आयोग के 40 से अधिक ऐप और पोर्टल को एकीकृत करके बनाया गया है। यह मंच मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम खोजने, आवेदन की स्थिति ट्रैक करने, चुनाव अधिकारियों से संपर्क करने, बीएलओ से कॉल बुक करने, ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने और शिकायत निवारण जैसी कई सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है।
इसके साथ ही यह प्लेटफॉर्म रियल-टाइम सूचना और शिकायत समाधान के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम भी प्रदान करता है, जिसमें चुनाव आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्टिंग के लिए 'सी-विजिल' और दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुलभ सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु 'सक्षम' जैसे टूल भी शामिल हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना