कोई माई का लाल बंगाल की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं कर सकता :योगी
लखनऊ/कोलकाता, 22 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोलकाता के जोरासांको में अपनी पहली जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।उन्होंने दावा किया कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने पर राज्य में भाजपा का “भगवा ध्वज” लहराएगा।
सभा में बड़ी संख्या में समर्थक “योगी जी बुलडोजर लाओ, हम तुम्हारे साथ हैं” लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान में भाजपा करीब 80 प्रतिशत सीटें जीतने जा रही है और राज्य में परिवर्तन की लहर साफ दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि “कोई माई का लाल बंगाल की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं कर सकता” और जनता को अपने वोट का सही इस्तेमाल करने की अपील की।
श्री योगी ने आरोप लगाया कि टीएमसी के लोग बंगाली अस्मिता से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “बंगाल की पहचान काबा से नहीं, मां कालीबाड़ी से है।” साथ ही इशारों में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें “बुआ-भतीजा” बताते हुए कहा कि वे राज्य के अस्तित्व को कमजोर कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जोरासांको स्थित रवींद्र नाथ टैगोर की ठाकुरबाड़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र बंगाल की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां जहां गुरुदेव और भारत माता की तस्वीरें होनी चाहिए थीं, वहां टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जबरन ममता बनर्जी की तस्वीर लगा दी, जो बंगाल की अस्मिता का अपमान है।
श्री योगी ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कभी रोजगार के लिए देशभर के लोग बंगाल आते थे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। उनके अनुसार, बीते वर्षों में हजारों उद्योग और एमएसएमई इकाइयां बंद हो चुकी हैं और लाखों युवा बेरोजगार हो गए हैं।
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के “कानून-व्यवस्था मॉडल” का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी में अराजकता थी, लेकिन अब राज्य “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की स्थिति में है और धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनकी संपत्तियों पर गरीबों के लिए आवास बनाए गए हैं।
सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने जोरासांको से विजय ओझा, मानिकतला से तापस रॉय, चौरंगी से संतोष पाठक, श्यामपुकुर से पूर्णिमा चक्रवर्ती, बेलेघाटा से पार्थ चौधरी और एंटाली से प्रियंका टिबरेवाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” ही विकास और विरासत दोनों को सुरक्षित रख सकती है और बंगाल को फिर से ‘सोनार बांग्ला’ बनाने का समय आ गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें