भाजपा सरकार में कुशल अधिकारियों की अहमियत नही : अखिलेश
लखनऊ 01 अप्रैल (वार्ता) यूपी काडर के वर्ष 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही के सेवा से इस्तीफा दिए जाने को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।श्री यादव ने कहा है कि कुशल अधिकारियों की भाजपा सरकार में कोई अहमियत नहीं है। भाजपा में तो उनकी पूछ है जिनकी चोरी के पैसों की ही चोरी हो जाती है या जो निवेश तक में 5 फीसद का प्रवेश शुल्क वसूल लेते हैं। बुधवार को सोशल मीडिया के जरिये अखिलेश ने कहा,“ हर अच्छे अधिकारी से हमारी मांग है कि भावावेश में आकर कोई फ़ैसला न करें, बुरे दिन जानेवाले हैं। पीडीए सरकार आएगी और सबको उचित मान-सम्मान-स्थान देगी क्योंकि पीडीए की सरकार जनता की सरकार होगी, जो समस्याओं के समाधान व असमानताओं को दूर करने के लिए सच में विकास के काम करेगी।”
उन्होंने कहा, “ क्वॉलिटी वर्क और तय समय सीमा के अंदर काम को पूरा करने के लिए हमेशा ही बेहतरीन ऑफ़िसर्स की ज़रूरत पड़ती है। अपने काम में पारंगत अधिकारियों की हमने हमेशा क़द्र की है और आगे भी करेंगे। पीड़ित अधिकारी हो या कर्मचारी सभी भाजपा को हटाने के लिए पीडीए के साथ हैं। ’पीड़ा’ बढ़ रही है, इसीलिए ‘पीडीए’ बढ़ रहा है क्योंकि ‘जो पीड़ित, वो पीडीए’।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें