आयुष्मान प्रधानमंत्री: जन आरोग्य 'ऑटो-अजूडकेशन हैकाथॉन' के लिए आवेदन आमंत्रित


नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (वार्ता) राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने सोमवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम जेएवाई) के अंतर्गत 'ऑटो-अजूडकेशन हैकाथॉन 2026' में भाग लेने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

यह हैकाथॉन स्वास्थ्य बीमा दावों के निपटान को तेज, सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। वर्तमान में इस योजना के तहत प्रतिदिन करीब 50 हजार दावों का निपटान 1900 से अधिक उपचार पैकेजों में किया जा रहा है, जिनमें से लगभग 15-20 प्रतिशत दावे स्वतः निपटाए जाते हैं।
एनएचए के अनुसार, दावों की बढ़ती संख्या और जटिलता को देखते हुए एक उन्नत स्वचालित प्रणाली की आवश्यकता है, जिसमें कृत्रिम बौद्धिकता (एआई) आधारित धोखाधड़ी पहचान और डिजिटल दस्तावेज़ीकरण जैसी सुविधाएं शामिल हों। हैकाथॉन का उद्देश्य ऐसे नवाचारों को बढ़ावा देना है जो मौजूदा डिजिटल स्वास्थ्य ढांचे के साथ आसानी से एकीकृत हो सकें और मैन्युअल प्रक्रिया को कम कर सकें।
देशभर से अब तक 2600 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इच्छुक छात्र, शोधकर्ता, डेवलपर, स्टार्टअप और पेशेवर 13 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
हैकाथॉन के तहत 13 अप्रैल से तीन मास्टर क्लास सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रतिभागियों को दावा निपटान प्रणाली, अपेक्षाएं और डिजिटल स्वास्थ्य नवाचार के अवसरों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस प्रतियोगिता का समापन 8-9 मई को बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान में होगा, जहां चयनित टीमें अपने समाधान प्रस्तुत करेंगी। विजेताओं को पांच लाख, तीन लाख और दो लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार के साथ एनएचए के साथ सहयोग का अवसर भी मिलेगा।
एनएचए ने कहा कि यह पहल डिजिटल स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना