जनगणना में पहली बार लोगों को स्वयं अपनी जानकारी देने का विकल्प
कानपुर, 9 अप्रैल (वार्ता) जनगणना 2027 में पहली बार नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प दिया गया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश में 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी, जिसमें लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे। जनगणना से संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और नागरिकों को “सेल्फ एन्यूमरेशन” का विकल्प मिलेगा। इसके तहत नागरिक निर्धारित अवधि में https:e.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकेंगे। मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन के बाद परिवार की जानकारी दर्ज की जा सकेगी।
नागरिक अपनी पसंद की भाषा में जिले, पिन कोड और गांव/शहर का चयन कर मानचित्र पर अपने आवास का स्थान भी चिह्नित कर सकेंगे। सभी विवरण भरने के बाद प्रिव्यू देखने के पश्चात “फाइनल सबमिट” करने पर 11 अंकों की स्व-गणना पंजीकरण संख्या प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के आने पर दिखाना होगा। घर-सूचीकरण के दौरान भवन की संरचना, कमरों की संख्या, जल, बिजली, शौचालय, ईंधन, फोन, वाहन और अन्य सुविधाओं सहित 33 प्रकार की जानकारियां दर्ज की जाएंगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें