माँ बगलामुखी प्राकट्योत्सव एवं जयंती पर गोरखपुर में भव्य महायज्ञ का आयोजन
गोरखपुर(दुर्गेश मिश्र)। माँ बगलामुखी के पावन प्राकट्य दिवस एवं जयंती के अवसर पर ‘दिव्य पीताम्बरा फाउंडेशन’ द्वारा एक अत्यंत भव्य एवं दिव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम पीताम्बरा पीठ, जुही एन्क्लेव, सिक्टौर चौराहा, खोराबार, गोरखपुर में सम्पन्न होगा, जहाँ श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
इस महायज्ञ का शुभारंभ 23 अप्रैल 2026 से 24 घंटे के अखंड हवन के साथ किया जाएगा, जो लगातार चलता रहेगा। इस दौरान प्रातःकालीन आरती, विधिवत पूजन, रुद्राभिषेक तथा दुर्गा सप्तशती का पाठ निरंतर किया जाएगा, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा। अखंड हवन की पूर्णाहुति 24 अप्रैल 2026 को सायं 5:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न की जाएगी।
24 अप्रैल को प्रातः 7:00 बजे से माँ का भव्य श्रृंगार एवं दर्शन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें श्रद्धालु माँ के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात सायं 6:15 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा, जहाँ भक्तजन भक्ति रस में डूबकर माँ का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सायं 7:00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा।
माँ बगलामुखी को दस महाविद्याओं में विशेष स्थान प्राप्त है। उन्हें शक्ति, विजय और रक्षा की देवी माना जाता है। मान्यता है कि माँ बगलामुखी की साधना से शत्रुओं का नाश होता है, वाणी पर नियंत्रण प्राप्त होता है तथा जीवन के हर क्षेत्र में सफलता मिलती है। विशेष रूप से जयंती के दिन माँ की उपासना अत्यंत फलदायी मानी जाती है, इस दिन किया गया जप, तप, हवन और दान कई गुना अधिक पुण्य प्रदान करता है।
हवन एवं दान का इस आयोजन में विशेष महत्व बताया गया है। शास्त्रों के अनुसार हवन करने से वातावरण शुद्ध होता है, नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है तथा व्यक्ति के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का आगमन होता है। वहीं, हवन में आहुति देना और दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है, जिससे पितृ दोष, ग्रह बाधाएं एवं जीवन की अन्य समस्याओं का निवारण होता है। जयंती के अवसर पर किया गया हवन-दान विशेष पुण्यदायी होता है और व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करता है।
आयोजन बाबा गोरखनाथ जी के आशीर्वाद से सम्पन्न हो रहा है। आयोजकों का विश्वास है कि उनकी कृपा से यह समस्त कार्यक्रम सफल, मंगलमय एवं जनकल्याणकारी सिद्ध होगा। यह महायज्ञ विश्व शांति एवं लोक कल्याण की भावना से किया जा रहा है।
आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं, माँ बगलामुखी का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा भजन संध्या और भंडारे का आनंद लें जय माँ बगलामुखी सभी भक्तों की सदा ही आप रक्षा करना
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें