लोगों को बांटने वाली वोट की राजनीति कर रही है भाजपा: अजय राय
सुलतानपुर, 5 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा विकास और रोजगार के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय लोगों को बांटकर वोट की राजनीति कर रही है। रविवार को शहर के पयागीपुर स्थित एक होटल में आयोजित होली मिलन एवं ईद मिलन कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में श्री राय ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के मूल मुद्दों जैसे रोजगार, शिक्षा और विकास पर चर्चा करने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने हाल में हेल्पलाइन से जुड़ी महिलाओं के साथ कथित मारपीट की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
असम में दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री राय ने कहा कि भाजपा में कई ऐसे लोग हैं जिन पर गंभीर आरोप रहे हैं, फिर भी उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। आगामी चुनावों के संदर्भ में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस विभिन्न राज्यों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी टिप्पणी करते हुए उसे भाजपा की ‘बी टीम’ बताया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मुईद अहमद, डॉ. ओम प्रकाश त्रिपाठी, सिराज अहमद भोला, सुब्रत सिंह सनी, मो. अनवर, योगेश सिंह सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें