प्रवक्ता भर्ती प्रारंभिक परीक्षा टली, अब सात जून को होगी
लखनऊ, 16 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता भर्ती के लिए आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। पहले यह परीक्षा 3 मई को प्रस्तावित थी, जिसे अब सात जून को आयोजित किया जाएगा।परीक्षा तिथि में यह बदलाव राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा NEET-UG और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की जूनियर इंजीनियर (सिविल) मुख्य परीक्षा के साथ तिथि टकराव के चलते किया गया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता भी एक प्रमुख कारण रही।
कार्यवाहक सचिव गौरव रंजन श्रीवास्तव द्वारा 13 अप्रैल को जारी पत्र में सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा केंद्रों से समय से सहमति प्राप्त करें। परीक्षा के आयोजन के लिए सरकारी विद्यालय, डिग्री कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों के साथ सहायता प्राप्त संस्थानों का उपयोग किया जाएगा। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि बिना सहायता प्राप्त निजी संस्थानों, ब्लैकलिस्टेड या अपर्याप्त संसाधनों वाले केंद्रों को परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा।
साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी परीक्षा केंद्र प्रमुख परिवहन सुविधाओं से 10 किलोमीटर के दायरे में हों, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की रिपोर्ट के आधार पर तैयार की जाएगी।
गौरतलब है कि इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1,516 पदों को भरा जाना है, जिसके लिए 3,83,002 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रदेश के 75 जिलों में 1,381 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें