भाजपा संस्थाओं के पीछे छिपकर करती है हमला : अखिलेश यादव
लखनऊ/जयपुर 10 अप्रैल (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जब वह मुद्दों पर हारती है तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष पर निशाना साधती है। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के जरिए भाजपा की कार्यशैली अब जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है।जयपुर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने चुनावों में फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए वोट कटवाने की साजिश रची। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के वोट कम करने के लिए बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 भरे गए, लेकिन शिकायत के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जो लोग हस्ताक्षर तक नहीं कर सकते, उनके नाम से भी फर्जी साइन किए गए, फिर भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार बढ़े हैं और समाजवादी पार्टी ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को एकजुट कर सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां पीड़ा है, वहीं पीडीए है और यही गठजोड़ 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराएगा।
उन्होंने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने और महंगाई कम करने के वादे पूरे नहीं किए गए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार ने वैश्विक स्तर पर नेतृत्व का अवसर खो दिया।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा महिलाओं के साथ न्याय नहीं कर रही है और पुराने जनगणना आंकड़ों के आधार पर आरक्षण लागू करना गलत है। उन्होंने नई जनगणना के आधार पर नीति बनाने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और उपचुनावों में विपक्ष के वोट कटवाने की घटनाएं सामने आई हैं। पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने दावा किया कि वहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें