सीबीआई ने नीट -यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले में कोचिंग संस्थान के मालिक को किया गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) नीट-यूजी 2026 परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में एक और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया है।नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में मुख्य आरोपी और लातूर स्थित आरसीसी कोचिंग संस्थान के मालिक प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया गया है। वे इस संस्थान का संचालन करते हैं, जो छात्रों को नीट- यूजी परीक्षा के लिए कोचिंग देता है। संस्थान की नौ शाखाएं हैं, जिनमें से मुख्य शाखा लातूर में स्थित है।
सीबीआई के अनुसार मोटेगांवकर एनटीए से जुड़े रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी के करीबी हैं। उनके संस्थान और आवास पर तलाशी के दौरान रसायन विज्ञान के प्रश्नपत्रों का एक बैंक बरामद हुआ, जिसमें वही प्रश्न थे जो 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा में पूछे गए थे।
पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने पांच जगहों पर तलाशी अभियान चलाया और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त की गई वस्तुओं का विस्तृत विश्लेषण फिलहाल जारी है। गौरतलब है कि सीबीआई ने भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा नीट -यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र के कथित लीक के संबंध में दायर लिखित शिकायत के आधार पर 12 मई, 2026 को मामला दर्ज किया था।
मामला दर्ज होने के तुरंत बाद, विशेष टीमें गठित की गईं और देश भर में विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए गए। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गई। अब तक, इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले, नौ आरोपियों को अदालत में पेश किया गया और पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
अब तक की जांच में रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के लीक हुए प्रश्न पत्रों के कथित स्रोत का पता चला है, जिन्हें परीक्षा से पहले प्रसारित किया गया था। सीबीआई ने उन बिचौलियों को भी गिरफ्तार किया है जो कथित तौर पर उन छात्रों को जुटाने में शामिल थे जिन्होंने लाखों रुपये देकर विशेष कोचिंग कक्षाओं में दाखिला लिया था।
एक सीबीआई अधिकारी ने कहा, "सीबीआई इस मामले में व्यापक, निष्पक्ष और पेशेवर जांच के लिए प्रतिबद्ध है।"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें