स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बदलाव: 67 लाख उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 30 दिन तक नहीं कटेगी बिजली
लखनऊ, 2 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा लागू स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था में योगी सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी है। खासतौर पर निम्न और मध्यम वर्ग के परिवारों को ध्यान में रखते हुए किए गए इस फैसले से प्रदेश के 67 लाख से अधिक उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं।प्रदेश में एक किलोवाट तक के करीब 43 लाख और एक किलोवाट तक के लगभग 24 लाख घरेलू कनेक्शन धारकों को इस नई व्यवस्था का सीधा फायदा मिला है। पहले स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म होने के बाद केवल तीन दिन की मोहलत मिलती थी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाती थी। इससे छोटे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
नई व्यवस्था के तहत अब 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का बैलेंस खत्म होने पर भी बिजली आपूर्ति तुरंत नहीं कटेगी। उन्हें 30 दिनों की अतिरिक्त अवधि दी जाएगी, जिसमें वे अपना रिचार्ज करा सकते हैं। यदि इस अवधि में रिचार्ज नहीं कराया गया, तभी बिजली आपूर्ति बंद होगी।
एक से दो किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी राहत देते हुए इमरजेंसी क्रेडिट की सुविधा दी गई है। ऐसे उपभोक्ताओं को कम से कम तीन दिन या 200 रुपये तक के नेगेटिव बैलेंस तक बिजली मिलती रहेगी। उदाहरण के तौर पर, यदि बैलेंस माइनस 100 रुपये है तो आपूर्ति जारी रहेगी, लेकिन 200 रुपये तक पहुंचते ही कनेक्शन स्वतः कट जाएगा।
इमरजेंसी अवधि में उपयोग की गई बिजली की राशि अगले रिचार्ज से स्वतः समायोजित कर ली जाएगी। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे यूपीपीसीएल स्मार्ट एप के माध्यम से अपना बैलेंस और खपत नियमित रूप से जांचते रहें और समय पर रिचार्ज करें।
उपभोक्ता सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब बिजली काटने से पहले 5 अनिवार्य एसएमएस अलर्ट भेजे जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को समय रहते रिचार्ज का मौका मिल सके। नई व्यवस्था के अनुसार शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक बिजली नहीं काटी जाएगी। इसके अलावा रविवार, दूसरे शनिवार और सभी सार्वजनिक अवकाश के दिन भी बिजली सप्लाई जारी रहेगी, चाहे बैलेंस शून्य या नेगेटिव ही क्यों न हो।
गौरतलब है कि प्रदेश में अब तक करीब 83 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। यह प्रणाली मोबाइल प्रीपेड की तरह काम करती है—पहले रिचार्ज, फिर उपयोग—लेकिन नए बदलावों से इसे अधिक उपभोक्ता-अनुकूल बना दिया गया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें