सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग 99 प्रतिशत पहुंची , दो दिन में 97 लाख से अधिक सिलेंडर वितरित किये गये

नयी दिल्ली 08 मई (वार्ता ) पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद सरकार द्वारा गैस सिलेंडर की केवल ऑनलाइन बुकिंग पर जोर दिये जाने से गुरुवार को ऑनलाइन बुकिंग लगभग 99 प्रतिशत तक पहुंच गयी और पिछले दो दिनों में 97 लाख से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए।

पश्चिम एशिया में निरंतर बदलती परिस्थितियों के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा अन्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने ईंधन की उपलब्धता, समुद्री संचालन और प्रमुख क्षेत्रों में स्थिरता बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे उपायों पर जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गुरुवार तक 50,400 से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने वेबसाइट के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है लेकिन सरकार घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दे रही है। एलपीजी वितरकों में आपूर्ति बंद होने की कोई सूचना नहीं दी है। धोखाधड़ी रोकने के लिए डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड (डीएसी) आधारित डिलीवरी में लगभग 95 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
अधिकारियों ने कहा कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देशभर में प्रवर्तन अभियान जारी हैं। गुरुवार को देशभर में 2000 से अधिक जगहों पर छापेमारी की गई। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की ओएमसी ने अचानक निरीक्षणों को मजबूत और जारी रखा है और 378 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना लगाया है और कल तक 76 एलपीजी वितरकों को निलंबित कर दिया गया है।
देश में सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं, जबकि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जा रहा है। घरेलू खपत को पूरा करने के लिए रिफाइनरियों से एलपीजी का घरेलू उत्पादन बढ़ाया गया है।
अब तक 3,019 से अधिक भारतीय नाविक सुरक्षित रूप से स्वदेश लौट चुके हैं, जिनमें खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पिछले 48 घंटों में 20 नाविक शामिल हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना