राज्यपाल ने 'कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा–आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान' का शुभारंभ किया
लखनऊ 10 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को मदर्स डे के अवसर पर स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित ''कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा – आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान'' का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।रैली जन भवन पोर्टिको से शुरू होकर महात्मा गांधी मार्ग से होते हुए अटल चौक, पार्क रोड, डॉ0 भीमराव अम्बेडकर मार्ग, सिविल चौराहा तथा भानुमति रोड से गुजरते हुए सरोजिनी नायडू मार्ग चौराहे पर सम्पन्न हुई।
रैली के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को लेकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने अभियान की सराहना करते हुए संस्था के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की तथा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की मजबूती का आधार है तथा समय पर जांच एवं जागरूकता से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है।
रैली में 130 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर ''स्वस्थ मां – सुरक्षित भविष्य'' का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
राज्यपाल ने संस्था को भविष्य में और व्यापक स्तर पर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में नई चेतना एवं सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि ''हर मां सुरक्षित हो, हर बहन जागरूक हो, हर बेटी स्वस्थ और सशक्त हो।''
यह अभियान केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता एवं मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें