सांसद हेमा मालिनी ने लॉन्च किया 'मेरो मथुरा' ऐप


मथुरा, 14 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में गुरुवार को एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने नगर निगम मथुरा-वृंदावन के आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन 'मेरो मथुरा' का शुभारंभ किया।

एचडीएफसी बैंक के सहयोग से विकसित यह ऐप डिजिटल इंडिया की दिशा में शहर का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस दौरान सांसद ने डिजिटल सेवाओं के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह तकनीक जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करेगी।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि इस एप्लिकेशन से मथुरा-वृंदावन की जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ऐप के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही पानी, बिजली, सड़क और सफाई से जुड़ी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं और उनका स्टेटस भी ट्रैक कर सकते हैं। इसके अलावा, संपत्ति कर का भुगतान, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन और पालतू पशुओं का पंजीकरण भी अब उंगलियों पर होगा। सुरक्षा के लिहाज से इसमें एक विशेष 'एसओएस' बटन दिया गया है, जो संकट के समय सीधे अधिकारियों को लाइव लोकेशन भेजता है।
विकास के मुद्दों पर बात करते हुए सांसद ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जो किसी अन्य सांसद के काम से कहीं अधिक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए जनता से पेट्रोल बचाने और इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का उपयोग करने का आग्रह किया। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कौन क्या बोलता है इससे फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि धरातल पर हुआ विकास ही जनता को जवाब देता है।
'मेरो मथुरा' ऐप में पर्यटकों के लिए भी खास सुविधाएं हैं, जिसमें मंदिरों के नक्शे, समय-सारिणी और उत्सव कैलेंडर शामिल हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त उपलब्ध है। नगर निगम ने सभी शहरवासियों से इस ऐप को डाउनलोड कर डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना