अंतरराष्ट्रीय प्रेस दिवस पर संगोष्ठी आयोजित, प्रेस की स्वतंत्रता पर वक्ताओं ने रखे विचार
गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद द्वारा एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, प्रेस की स्वतंत्रता तथा पत्रकारों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने भाग लेकर लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष राकेश तिवारी ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी स्वतंत्रता राष्ट्र की मजबूती का आधार है। यदि पत्रकार निर्भीक होकर सत्य को सामने लाएंगे तभी समाज में पारदर्शिता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के जिला प्रभारी दुर्गेश मिश्र ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है, जो जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। आज आवश्यकता है कि पत्रकारों को सम्मान, सुरक्षा और निष्पक्ष वातावरण मिले, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपना दायित्व निभा सकें।
जिला महासचिव ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से गुजर रही है, फिर भी सच्चे पत्रकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं। प्रेस की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का अंकुश लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रेस दिवस हमें यह संकल्प दिलाता है कि हम सत्य, निष्पक्षता और जनहित की पत्रकारिता को मजबूत बनाएंगे। साथ ही पत्रकारों के अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।
अंत में सभी पत्रकार साथियों ने एकजुट होकर प्रेस की गरिमा बनाए रखने तथा पत्रकार हित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में परिषद के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के पत्रकार गण उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें