इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन ने शुरू किया "निवेशक सहायता" पोर्टल


नयी दिल्ली, 26 मई (वार्ता) देश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण में निवेशकों का विश्वास बढ़ाने के लिए इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) ने "निवेशक सहायता" के नाम से एक ऑनलाइन पोर्टल का मंगलवार को शुभारंभ किया।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि सरकार विभिन्न रणनीतिक पहलों और नीतिगत हस्तक्षेपों के माध्यम से देश में सेमीकंडक्टर के अनुकूल सुदृढ़, विश्वसनीय और टिकाऊ परिवेश के विकास के लिए संगठित प्रयास कर रही है। सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 24 सेमीकंडक्टर डिजाइन परियोजनाओं के साथ-साथ 12 फैब/पैकेजिंग परियोजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है।
"निवेशक सहायता" पोर्टल एचटीटीपी://डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.आईएसएम.जीओवी.इन/इंवेस्टमेंट पर उपलब्ध है।
आईएसएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश कुमार सिन्हा ने पोर्टल के शुभारंभ के कार्यक्रम में विदेशी निवेशकों को सहयोग और सुविधा प्रदान करने के महत्व पर बल दिया तथा सभी संबंधित हितधारकों के प्रतिनिधियों से देश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण और डिजाइन के अनुकूल परिवेश को और मजबूत करने के लिए निवेशकों की चिंताओं को दूर करने में सक्रिय रूप से अपनी-अपनी भूमिकाएं निभाने का आग्रह किया।
यह पोर्टल उन निवेशकों को सरकारी योजनाओं, नीतियों, सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं, नियामक अपेक्षाओं इत्यादि से संबंधित जानकारी प्रदान करने करेगा जो देश में निवेश करने करने के बारे में सोच रहे हैं। निवेशक यहां अपनी शिकायतें/चिंताएं दर्ज करा सकेंगे जिनका समाधान इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के अधिकारियों की ओर से संबंधित मंत्रालयों, विभागों, संगठनों, राज्य सरकारों, अनुमोदित परियोजनाओं से जुड़ी कंपनियों और अंतर्राष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय व्यापार निकायों/संघों के नोडल अधिकारियों के सहयोग से किया जायेगा।
इस पोर्टल पर संबंधित हितधारकों को सुव्यवस्थित समन्वय के साथ उनकी समस्याओं के समयबद्ध रूप से समाधान के लिए सुरक्षित, भूमिका-आधारित, सिंगल विंडो डिजिटल इंटरफेस प्राप्त होगा।
पोर्टल के शुभारंभ के कार्यक्रम में इसके ढांचे, कार्यों, ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया, समन्वय से संबंधित तंत्र और इसमें भागीदार मंत्रालयों, विभागों, संगठनों, राज्य सरकारों, अनुमोदित परियोजनाओं से जुड़ी कंपनियों, अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय व्यापार निकायों/संघों के नोडल अधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना