सेना की प्रशिक्षण कमान का दौरा किया राष्ट्रपति मुर्मु ने, प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर चर्चा की

सेना की प्रशिक्षण कमान का दौरा किया राष्ट्रपति मुर्मु ने, प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर चर्चा की

नयी दिल्ली ,01 मई (वार्ता) राष्ट्रपति और तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को यहां सेना प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी), शिमला के मुख्यालय का दौरा किया और राष्ट्र को सुरक्षित तथा सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया।


एआरटीआरएसी पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता तथा एआरटीआरएसी के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने उनका स्वागत किया।राष्ट्रपति को जीओसी-इन-सी द्वारा एआरटीआरएसी के विकास, सैन्य कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर परिचालन दक्षता बढ़ाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा एआरटीआरएसी की प्रमुख पहलों के बारे में जानकारी दी गई।


 एआरटीआरएसी की नवीन पहलों का विस्तार से वर्णन करते हुए जीओसी-इन-सी ने ड्रोन प्रशिक्षण को बढ़ावा, विशेष प्रौद्योगिकियों को अपनाने के लिए उठाए गए कदम, 'रेड टीमिंग' की अवधारणा की शुरुआत तथा सेना में डिजिटलीकरण और स्वचालन की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया।


 एआरटीआरएसी युद्ध की अवधारणाओं , सेना के लिए संसाधन विकास तथा मित्र देशों और सहयोगी सेनाओं के साथ व्यापक सहभागिता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह सैन्य गौरव, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। एआरटीआरएसी अपने 32 प्रमुख प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से भारतीय सेना में पेशेवर दृष्टिकोण को सुदृढ़ करता है, जिससे उसे युद्ध की कला और विज्ञान के प्रति एक विशिष्ट दृष्टिकोण मिलता है।


 राष्ट्रपति ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाील कवींद्र गुप्ता की उपस्थिति में लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा के साथ सेना में प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया, ताकि राष्ट्र को सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सके।


 राष्ट्रपति ने एआरटीआरएसी को सेना की परिचालन तैयारी को और मजबूत करने के लिए निरंतर उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एआरटीआरएसी के सभी रैंकों तथा रक्षा कर्मियों की उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहना की और उन्हें और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।


 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना