बिजली संकट के लिए भाजपा जिम्मेदार, जनता देगी जवाब: अखिलेश


लखनऊ, 27 मई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली की बदहाली के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है और अगले चुनाव में जनता उसे “अच्छे से धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।”

श्री यादव ने तंज कसते हुए कहा कि राहत की बात है कि मुख्यमंत्री ने इस “महा विद्युत आपदा” के पीछे दिल्ली से आए दूत की साजिश वाली बात नहीं कही। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री आते हैं या नहीं, और अगर आते हैं तो दोनों की साथ वाली तस्वीर पोस्ट कर दी जाए, ताकि जनता को “आपसी गर्मी” से कुछ राहत मिल सके, क्योंकि जनता ने दोनों को कभी एकांत में साथ देखा नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बिजली सब-स्टेशनों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठी लिखकर जनता के आक्रोश से बचने का काम कर रहे हैं। “भाजपा में अब करेंट नहीं रहा।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस साल में बिजली विभाग को बर्बाद कर दिया। मुख्यमंत्री के पूरे कार्यकाल में एक भी नया बिजली कारखाना नहीं लगाया गया और न ही एक यूनिट उत्पादन बढ़ाया गया। भाजपा सरकार केवल मीटर बदल-बदल कर जनता से उगाही करती रही।
श्री यादव ने कहा कि आज प्रदेश की जनता बिजली के लिए परेशान है, जगह-जगह लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार बिजली उत्पादन बढ़ाने और आपूर्ति सुनिश्चित करने के बजाय तरह-तरह के कुतर्क कर जनता को गुमराह कर रही है, जिसे वह पाप बता रहे हैं।

टिप्पणियाँ