यूपी एनर्जी एक्सपो के दूसरे दिन स्वच्छ ऊर्जा,हरित निवेश को लेकर मंथन
लखनऊ, 8 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो 2026 ने दूसरे दिन शुक्रवार को स्वच्छ ऊर्जा, सौर तकनीक और हरित निवेश को लेकर व्यापक विमर्श किया गया। पीएचडीसीसीआई के यूपी स्टेट चैप्टर और फर्स्टव्यू द्वारा आयोजित इस एक्सपो में यूपीनेडा, इन्वेस्ट यूपी तथा उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) सहयोगी संस्थाओं के रूप में भागीदारी कर रहे हैं। आयोजन में देशभर से नीति-निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक, स्टार्टअप, डेवलपर्स और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े नवाचारकर्ता शामिल हुए।
दूसरे दिन आयोजित प्रमुख सत्र में उत्तर प्रदेश में बड़े सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट्स के विस्तार, डिजिटल तकनीकों और वित्तीय ढांचे की भूमिका पर चर्चा की गई। इस सत्र में बुंदेलखंड सौर ऊर्जा लिमिटेड के सीईओ ओंकार यादव, यूपीपीसीएल के निदेशक (कॉर्पोरेट प्लानिंग) दीपक रायजादा, यूपीईआरसी के संयुक्त निदेशक अभिषेक मोजा तथा यूपीनेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित कई विशेषज्ञ शामिल रहे।
इसके अलावा "पीएम सूर्य घर फोरम" में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम को बढ़ावा देने, उपभोक्ता जागरूकता, वित्तीय पहुंच और क्रियान्वयन रणनीतियों पर चर्चा हुई। वहीं "पीएम कुसुम फोरम" में कृषि क्षेत्र में सौर तकनीक के उपयोग, सौर ऊर्जा आधारित कोल्ड स्टोरेज, कृषि मशीनरी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने वाले मॉडलों पर विचार-विमर्श किया गया।
शाम को पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत कार्यरत विक्रेताओं को सम्मानित करने के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह तथा पूर्व अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा) महेश गुप्ता उपस्थित रहे।
फर्स्टव्यू ग्रुप के सीईओ वरुण गुलाटी ने कहा कि एक्सपो को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र की अपार संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उद्योग, नीति-निर्माता और नवाचारकर्ता मिलकर हरित एवं सतत भविष्य की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
पीएचडीसीसीआई यूपी स्टेट चैप्टर के सीनियर रीजनल डायरेक्टर अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि एक्सपो ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग, नवाचार और निवेश के लिए मजबूत मंच तैयार किया है तथा उत्तर प्रदेश तेजी से सौर और स्वच्छ ऊर्जा विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें