पश्चिम बंगाल में मतगणना के लिए सुरक्षा इंतज़ाम और सख्त

पश्चिम बंगाल में मतगणना के लिए सुरक्षा इंतज़ाम और सख्त

नयी दिल्ली, 02 मई (वार्ता) चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की चार मई को होने वाली मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है।


आधिकारिक सूचना के अनुसार राज्य विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को होने वाली मतगणना में 165 अतिरिक्त गणना पर्यवेक्षक और 77 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं ताकि मतगणना केंद्रों पर कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सके।


 आयोग के अनुसार इन पर्यवेक्षकों की तैनाती का उद्देश्य मतगणना को सुरक्षित, भयमुक्त और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना है। अतिरिक्त गणना पर्यवेक्षक उन 165 विधानसभा क्षेत्रों में लगाए गए हैं, जहां एक से अधिक मतगणना कक्ष हैं, ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।


 पुलिस पर्यवेक्षक संबंधित मतगणना केंद्रों के आसपास सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की निगरानी आयोग के निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करेंगे। उन्हें मतगणना के दिन मतगणना कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।


 आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी पर्यवेक्षक आयोग के नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण में कार्य करेंगे और उनकी नियुक्ति संविधान के प्रावधानों तथा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत की गई है।


 मतगणना केंद्रों में प्रवेश केवल क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र के आधार पर ही होगा, जिसे निर्वाची पदाधिकारी द्वारा जारी किया जाएगा। मतगणना कक्ष के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति केवल गणना पर्यवेक्षक और निर्वाची पदाधिकारी को ही होगी।


 मतगणना के दौरान प्रत्येक चरण के परिणाम प्रपत्र 17-सी (भाग-दो) में गणना पर्यवेक्षक की उपस्थिति में तैयार किए जाएंगे और अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर के लिए साझा किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक मेज पर तैनात सूक्ष्म पर्यवेक्षक भी परिणामों को स्वतंत्र रूप से दर्ज कर गणना पर्यवेक्षक को सौंपेंगे, जिससे मिलान के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।


 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना