जनता दर्शन में दिखी जिलाधिकारी की संवेदनशीलता, छात्र का बढ़ाया उत्साह


देवरिया, । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की संवेदनशील कार्यशैली की एक और मिसाल मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में देखने को मिली। जब जनता दर्शन में एक असहाय महिला फरियाद लेकर पहुंची। उसकी समस्या सुनने के साथ ही जिलाधिकारी ने उसके पुत्र का उत्साहवर्धन कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

           तरकुलवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सोनहुला रामनगर निवासी प्रभावती देवी अपने पुत्र नीरज के साथ जनता दर्शन में पहुंचीं। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि पड़ोसियों द्वारा उनके आवागमन का रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे परिवार को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

        जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

           इसी दौरान जिलाधिकारी की नजर महिला के पुत्र नीरज पर पड़ी। उन्होंने बच्चे से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। नीरज ने बताया कि वह कक्षा पांच का छात्र है और सरकारी विद्यालय में अध्ययन करता है। इस पर जिलाधिकारी ने उससे गणित के कुछ प्रश्न हल करने को कहा। नीरज ने प्रश्नों का सही उत्तर दिया, जिससे जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसका मनोबल बढ़ाया।

            जिलाधिकारी ने बच्चे को पूरी लगन एवं मनोयोग से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षा के जरिए ही व्यक्ति अपने विकास के साथ समाज और देश की प्रगति में भी योगदान दे सकता है।

       जनता दर्शन के दौरान सदर तहसील अंतर्गत ग्राम मुंडाडीह निवासी असगर अली ने भी जमीन विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

           जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों एवं लेखपालों के कार्यों पर प्रभावी निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि कहीं से भी अनियमितता अथवा शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना