सीएमओ के औचक निरीक्षण में गायब मिले स्वास्थ्यकर्मी, वर्चुअल मीटिंग कर चेताया
गोरखपुर। जिले के सीएमओ डॉ राजेश झा द्वारा चिकित्सा इकाइयों के औचक निरीक्षण का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में वह मंगलवार को जंगल कौड़िया सीएचसी और पीएचसी पहुंचे। जंगल कौड़िया सीएचसी पर सीएमओ को करीब डेढ़ दर्जन कर्मी गायब मिले। उन्होंने सभी कर्मियों को अनुपस्थित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। जंगल कौड़िया पीएचसी पर भी कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ डॉ झा ने अपने कार्यालय से की गयी वर्चुअल बैठक में जिले भर के सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के बीच इस स्थिति पर नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि सभी लोग नियत समय पर अस्पताल पहुंचना शुरू करें। औचक निरीक्षण के दौरान अक्सर गायब रहने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जंगल कौड़िया सीएचसी पर कर्मियों के गायब रहने पर सीएमओ ने वहां के अधीक्षक डॉ उमेश को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसी स्थिति दोबारा न मिले। अधीक्षक यह सुनिश्चित करें कि सभी कर्मी समय से अस्पताल पहुंच जाएं। अगर ऐसी स्थिति पुनः पाई जाती है तो अधीक्षक की ही जवाबदेही होगी। जंगल कौड़िया पीएचसी पर चिकित्सा अधिकारी डॉ मनीष के साथ सीएमओ ने वहां के भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित कर्मियों के बारे में जानकारी ली और अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण देने को कहा।
सीएमओ कार्यालय से हुई वर्चुअल बैठक के दौरान डॉ झा ने सभी संबंधित अधिकारियों से आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने के काम में तेजी लाने को कहा। साथ ही सभी अस्पतालों पर हीट वेब से बचाव के उपाय करने के भी निर्देश दिए। सीएमओ ने यह भी कहा कि ईंधन संकट को देखते हुए सभी अस्पतालों और जिला स्तर पर अधिकाधिक वर्चुअल बैठक करने पर ही विशेष जोर दिया जाए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें