मोदी, राजनाथ, शाह सहित विभिन्न नेताओं ने किया लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को उनकी जयंती पर नमन
नयी दिल्ली 31 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित विभिन्न नेताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के मौके पर उन्हें नमन किया है।श्री मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिख, "लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती के पावन अवसर पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! अपनी बुद्धिमत्ता, करुणा और लोक-कल्याण के प्रति अटूट समर्पण के लिए, पूरा राष्ट्र उन्हें अत्यंत आदर और सम्मान के साथ याद करता है। उनका जीवन सुशासन, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक गौरव का एक अनुकरणीय आदर्श है। उन्होंने सदैव अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ नेतृत्व किया।"
उन्होंने कहा, "देश भर में पवित्र मंदिरों और तीर्थस्थलों के पुनर्निर्माण से लेकर सभी के लिए न्याय और कल्याण सुनिश्चित करने तक उन्होंने अतुलनीय योगदान दिया। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ किया। समाज, संस्कृति और राष्ट्र-निर्माण के प्रति उनकी निष्ठा देश की हर पीढ़ी को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।"
श्री सिंह ने सोशल मीडिया पर एक्स पर लिखा, "लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूँ। महारानी अहिल्याबाई जी ने न्याय, सुशासन और जनसेवा को अपने शासन का मूल मंत्र बनाया और जन-कल्याण का एक अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत किया। पूरे देश में अनेक तीर्थ स्थलों, मंदिरों और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा पुनर्निर्माण के माध्यम से उन्होंने भारत की शाश्वत चेतना में एक नयी प्राण-शक्ति का संचार किया। राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी सेवा-भावना, तथा राष्ट्र की सांस्कृतिक गरिमा के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।"
श्री शाह ने एक्स पर लिखा, "लोक-कल्याण के प्रति समर्पित एक न्यायप्रिय और धर्मपरायण शासक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी ने सोमनाथ और काशी विश्वनाथ सहित अनेक मंदिरों के पुनर्निर्माण के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जीर्णोद्धार का कार्य किया। महिलाओं की शिक्षा और विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देकर उन्होंने नारी सशक्तिकरण को बल दिया। माता अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।"
संतोष जितेन्द्र

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें