उत्तर मध्य रेलवे ने स्क्रैप बिक्री से अर्जित किया 103.96 करोड़ रुपए का राजस्व
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी ) उत्तर मध्य रेलवे ( उमरे ) ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्क्रैप (कबाड़) के निस्तारण और बिक्री में सफलता का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
रेलवे बोर्ड द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित किए गए 285 करोड़ रुपये के कुल वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष, उत्तर मध्य रेलवे ने पहली तिमाही में ही 103.96 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व हासिल कर लिया है। उत्तर मध्य रेलवे की यह उल्लेखनीय उपलब्धि पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 की समान अवधि में हुई 47.94 करोड़ की बिक्री की तुलना में 117 फीसदी अधिक है|
उमरे प्रशासन के अनुसार महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के कुशल दिशा-निर्देशों और प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एस. पी. द्विवेदी के रणनीतिक मार्गदर्शन में स्क्रैप निस्तारण के कार्य को अत्यधिक गति दी जा रही है। अधिकारियों के इसी सटीक नेतृत्व और टीमवर्क ने पहली तिमाही में ही अपने वार्षिक लक्ष्य का एक बड़ा हिस्सा हासिल करने में सफलता पाई है।
स्क्रैप के इस त्वरित और पारदर्शी निस्तारण से न केवल रेलवे के खजाने में भारी मात्रा में राजस्व आ रहा है, बल्कि रेलवे की कीमती भूमि और कार्यस्थलों को भी कबाड़ से मुक्त कराकर उनका रचनात्मक और बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में भी स्क्रैप की ई-नीलामी और उसके त्वरित निस्तारण की इस तेज रफ्तार को लगातार बरकरार रखा जाएगा। उमरे 'जीरो स्क्रैप' के अंतिम लक्ष्य को हासिल करने, सर्वाधिक बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाने, अधिक से अधिक राजस्व प्राप्त करने तथा अपने सभी परिसरों को हमेशा स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें