ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026


गौतमबुद्धनगर, 12 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं निर्यात प्रोत्साहन आयोजनों में शामिल "यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026" के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन उत्तर प्रदेश शशि भूषण लाल सुशील ने की।

प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात संवर्धन और निवेश आकर्षण का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने के साथ-साथ निवेश और व्यापार के नए अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी विभागों और संस्थाओं से समन्वित प्रयासों के माध्यम से इस संस्करण को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक सफल, भव्य और प्रभावशाली बनाने का आह्वान किया।
ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, खरीदारों, उद्योग प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों और आगंतुकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए स्थानीय समितियों के गठन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रस्तावित प्रोटोकॉल समिति में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को शामिल करने, जबकि चिकित्सा एवं आपातकालीन संचालन समिति में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, विद्युत एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरणों के प्रतिनिधियों को नामित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा ब्रांडिंग, आवास, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिवहन एवं यातायात प्रबंधन के लिए अलग-अलग समितियों के गठन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नेतृत्व में सभी समितियां समन्वित रूप से कार्य करेंगी और आयोजन की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। आगंतुकों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, चिकित्सा सेवाएं, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, आवास व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा प्रचार-प्रसार गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
आगामी 25 से 29 सितंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों, विभागीय समन्वय, आधारभूत सुविधाओं तथा आयोजन को और अधिक भव्य एवं प्रभावी बनाने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान चिकित्सा, विद्युत, अग्निशमन, पुलिस, औद्योगिक विकास प्राधिकरणों तथा इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों ने अब तक हुई तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर सुझाव साझा किए। समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने इंडिया एक्सपो मार्ट परिसर का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन प्रांजल यादव, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन, विशेष सचिव शिशिर, इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश कुमार, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें