भाजपा में सभी वर्गों को मिला प्रतिनिधित्व, करीब 30 जातियों का किया गया समायोजन: पंकज चौधरी
लखनऊ, 26 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की नई प्रदेश टीम में लगभग 30 जातियों का समायोजन किया गया है, जिससे संगठन की व्यापक सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित हुई है।श्री चौधरी ने लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा सेवा, समर्पण और सशक्त संगठन की भावना के साथ कार्य करती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपनी कर्मठता और समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे तथा सेवा के संकल्प को धरातल पर साकार करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने नई टीम के गठन पर कहा कि इसमें समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश टीम में लगभग 30 जातियों का समायोजन किया गया है, जिससे संगठन की व्यापक सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित हुई है।
प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा में हुई देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक राजनीतिक दल है, जहां सभी के विचारों को महत्व दिया जाता है। इसी कारण विभिन्न स्तरों पर चर्चा और सहमति बनाने में समय लगा। उन्होंने कहा, “भाजपा कोई पारिवारिक पार्टी नहीं है कि एक दिन में ही सूची घोषित कर दी जाए।”
नए चेहरों को संगठन में जिम्मेदारी दिए जाने के संबंध में पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी की सोच नए और युवा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की है। इसी उद्देश्य से इस बार कई नए चेहरों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी भी प्रकार की अनियमितता को स्वीकार नहीं करती।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें