उत्तर प्रदेश ने 32,673 मेगावाट की पीक डिमांड पूरी कर बनाया नया कीर्तिमान
लखनऊ, 28 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अनुसार प्रदेश ने 24 जून को 32,673 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड पूरी करते हुए देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति करने वाले राज्य का स्थान प्राप्त किया है।यूपीपीसीएल के अनुसार 19 जून से उत्तर प्रदेश लगातार डिमांड आधारित बिजली आपूर्ति में देश में पहले स्थान पर बना हुआ है। इस दौरान प्रदेश ने महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब और आंध्र प्रदेश जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए सर्वाधिक बिजली आपूर्ति का रिकॉर्ड कायम किया है।
आंकड़ों के अनुसार 24 जून की रात करीब 9:51 बजे प्रदेश में 32,673 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक पीक डिमांड पूरी की गई। इससे पहले 23 जून को 32,405 मेगावाट, 21 जून को 32,348 मेगावाट, 22 जून को 31,841 मेगावाट, 20 जून को 31,549 मेगावाट तथा 19 जून को 30,968 मेगावाट बिजली आपूर्ति दर्ज की गई थी। इसके अलावा 25 जून को 31,852 मेगावाट, 26 जून को 31,839 मेगावाट तथा 27 जून को 31,949 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई।
यूपीपीसीएल के अनुसार भीषण गर्मी और रिकॉर्ड स्तर की बिजली मांग के बावजूद प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी जैसे महानगरों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 24 घंटे तक आपूर्ति बनाए रखी गई है।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी और अधिकारी चौबीसों घंटे कार्य कर रहे हैं तथा उच्च स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि यूपीपीसीएल उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
यूपीपीसीएल के निदेशक (वितरण) ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी ने कहा कि रिकॉर्ड स्तर की बिजली आपूर्ति मजबूत विद्युत अवसंरचना, बेहतर प्रबंधन और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और बढ़ती मांग के बावजूद प्रदेश के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर से अधिक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें