आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो, विलंब पर तय हो जवाबदेही : योगी


लखनऊ, 1 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े कई प्रकरण प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित राजस्व वादों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों की विशेष समीक्षा की जाए और बिना उचित कारण विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय मिले और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंदों के उपचार, सहायता और समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर खुशहाली लाना शासन-प्रशासन का दायित्व है।
जनता दर्शन के दौरान हापुड़ से आई एक छात्रा ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति और पढ़ाई में आने वाली कठिनाइयों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने छात्रा से उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। छात्रा द्वारा कक्षा सात में अध्ययनरत होने की जानकारी देने पर मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा, "तुम सिर्फ पढ़ाई करो, बाकी हम पर छोड़ दो।"
मुख्यमंत्री ने छात्रा के अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित बच्चा ही सशक्त भारत की नींव है। उन्होंने अधिकारियों को भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें