उप्र को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में ग्राहक-केंद्रित व्यवसाय की भूमिका रहेगी अहम : डॉ. अग्रवाल
लखनऊ, 01 जून (वार्ता) प्रसिद्ध प्रबंधन विशेषज्ञ, अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता एवं मुंबई डब्बावाला मॉडल के लिए चर्चित डॉ. पवन अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में ग्राहक-केंद्रित व्यवसायों और मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।लखनऊ के एक होटल में आयोजित बीएनआई नेटकॉन 2026 को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ग्राहक संतुष्टि किसी भी सफल व्यवसाय की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, "ग्राहक संतुष्टि प्रत्येक व्यवसाय का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। किसी भी संगठन की हर गतिविधि ग्राहक-केंद्रित होनी चाहिए और ग्राहक को सर्वोत्तम अनुभव प्रदान करना प्रत्येक कर्मचारी और प्रबंधन की नैतिक जिम्मेदारी है।"
विश्व की प्रमुख बिजनेस नेटवर्किंग एवं रेफरल संस्था बीएनआई (बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल) द्वारा आयोजित नेटकॉन 2026 में 900 से अधिक उद्यमियों, पेशेवरों, निर्माताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के व्यवसायियों के बीच नेटवर्किंग, रेफरल और रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देना था।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष के आयोजन से 30 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित व्यावसायिक अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है, जो पिछले संस्करण की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।
बीएनआई नॉर्थ लखनऊ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय तिवारी ने कहा कि आर्थिक विकास का आधार विश्वास और सहयोग पर आधारित व्यावसायिक संबंध होते हैं। उन्होंने कहा कि नेटकॉन ऐसा मंच उपलब्ध कराता है जहां उद्यमी एक-दूसरे से जुड़ते हैं, नए अवसर तलाशते हैं और साझेदारी के माध्यम से विकास की नई संभावनाएं निर्मित करते हैं।
उन्होंने कहा कि मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क अवसरों तक पहुंच को आसान बनाते हैं तथा प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
आयोजकों के मुताबिक नेटकॉन के पिछले संस्करण में 725 से अधिक उद्यमियों और पेशेवरों ने भाग लिया था, जिससे 5,600 से अधिक व्यावसायिक रेफरल उत्पन्न हुए और लगभग 14 करोड़ रुपये के संभावित कारोबारी अवसर सृजित हुए थे। बीएनआई अपने वैश्विक रूप से चर्चित ‘गिवर्स गेन’ सिद्धांत के तहत सदस्यों को गुणवत्तापूर्ण रेफरल साझा करने और दीर्घकालिक व्यावसायिक संबंध विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक विस्तार के वर्तमान दौर में नेटकॉन जैसी पहलें उद्यमिता, निवेश और सहयोग आधारित विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें