भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक और सामरिक शक्ति के रूप में उभरा है: केशव मौर्य
प्रयागराज, ( दिनेश तिवारी) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक और सामरिक शक्ति के रूप में उभरा है ।
श्री मौर्य ने कहा कि शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पहले जिन वस्तुओं और तकनीकों के लिए भारत को विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था, आज उनका निर्माण देश में ही हो रहा है। भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक और सामरिक शक्ति के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। जो वस्तुएं पहले विदेशों से खरीदी जाती थीं, वे अब भारत में ही बन रही हैं। उन्होंने कहा कि दलाली और बिचौलियागिरी की राजनीति समाप्त होने से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राजद और तृणमूल कांग्रेस जैसे दल बेरोजगार हो गए हैं और इसी कारण वे बेरोजगारी का मुद्दा उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा, राजद और टीएमसी जैसे दल जनता के बीच अपना आधार खो चुके हैं। श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि दलाली और बिचौलियागिरी की राजनीति समाप्त होने से इन दलों के नेताओं की दुकानें बंद हो गई हैं। यही वजह है कि वे लगातार बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा सरकार की नीतियों और योजनाओं से संतुष्ट है। स्टार्टअप, स्वरोजगार, कौशल विकास और रोजगार सृजन के माध्यम से युवाओं को नए अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि देश का युवा विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ा है।
सपा पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि सपा के शासनकाल में निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और उसके सहयोगी दल कभी भी संत-महात्माओं और सनातन परंपराओं का सम्मान नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि ये दल केवल अवसरवादी राजनीति करते हैं और चुनावी लाभ के लिए समय-समय पर अपना रुख बदलते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 न तो सपा यूपी में और न ही कांग्रेस देश की सत्ता में लौट पाएगी। जनता का भरोसा भाजपा पर है और आने वाले वर्षों में भी भाजपा ही देश और प्रदेश के विकास का नेतृत्व करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें