उप्र के मुख्यमंत्री को हटाने के लिए मध्य प्रदेश-राजस्थान के मुख्यमंत्री बदलना चाहती है भाजपा: अखिलेश
लखनऊ, 23 जून (वार्ता) समाजवादी पार्टी ( सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) पर निशाना साधते हुये कहा कि भाजपा आलाकमान रास्ता ढूंढ रहा है कि तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को कैसे बदला जाये।श्री यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दावा किया कि भाजपा मध्य प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्री को हटाना चाहती है ताकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को हटाया जा सके। अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा रास्ता ढूंढ रही है कि तीन मुख्यमंत्री कैसे बदलें। वे मुख्यमंत्री बदलना चाहते हैं इसलिए आरोप लगवा रहे हैं। इन्हें मध्य-प्रदेश, राजस्थान के मुख्यमंत्री को हटाना है। इन दो को इसलिए हटा रहे हैं कि उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को हटाना है।"
इस बीच मध्य प्रदेश की राजनीति में भूमि खरीद को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उनके परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों द्वारा उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर भूमि खरीद के मामले में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह केवल राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि सार्वजनिक दस्तावेजों और मीडिया रिपोर्टों पर आधारित गंभीर प्रश्न हैं।
पार्टी ने कहा कि इन सवालों का जवाब प्रदेश की जनता को मिलना चाहिए। कांग्रेस ने भूमि के दाम, खरीद की प्रक्रिया और कंपनियों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच भूमि अधिग्रहण और खरीद-फरोख्त को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल भाजपा की ओर से कांग्रेस के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें