अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने किया योगाभ्यास


देवरिया, 21 जून। आज पूरे जनपद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य कार्यक्रम स्थानीय स्वर्गीय रविंद्र किशोर शाही स्टेडियम में प्रातः 6:00 बजे से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्राम विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि योग हमारी प्राचीन परंपरा है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए गीता उपदेश भी योग पर आधारित हैं। योग मुख्य रूप से कर्मयोग, राजयोग, भक्तियोग एवं ज्ञानयोग की चार श्रेणियों में विभाजित है। कर्मयोग को अपनाकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है तथा कर्मयोग से ही ज्ञानयोग की प्राप्ति संभव है। योग से कार्यकुशलता और जीवन की सार्थकता आती है, जिसके माध्यम से हम ज्ञानयोग तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि योग की प्राचीन परंपरा को आज अंतरराष्ट्रीय जगत ने भी अपनाया है। यह केवल एक दिन का महोत्सव नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। योग तनाव से मुक्ति का भी एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी से नियमित योग करने और इसे अपने जीवन में अपनाने की अपील की।


इस अवसर पर सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से योग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग से जुड़कर जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाया जा सकता है।

          जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, डीसी एनआरएलएम आलोक कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग कर योग किया।

      जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने योग को जीवन में अपनाने तथा नियमित रूप से योग करने पर बल देते हुए सभी से योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपेक्षा की।

      शासन द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन हेतु जनपद के लिए सचिव, लोक निर्माण विभाग दिव्य प्रकाश गिरी को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर योगाभ्यास किया तथा आयोजन की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु संचालन में अपना योगदान दिया।

      कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों यतींद्र विश्वकर्मा, पूजा मद्धेशिया एवं फातिमा द्वारा विभिन्न योगासनों, यथा प्राणायाम,  पवनमुक्तासन, श्वसन क्रिया, वज्रासन, दंडासन एवं ध्यानासन आदि का अभ्यास कराया गया।

      योगाभ्यास कार्यक्रम में छात्र मोहन एवं विवेक द्वारा विभिन्न योगासनों का समेकित प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम उपरांत सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी द्वारा योग प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

        मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने स्वच्छता का संदेश देते हुए स्वयं परिसर में सफाई कार्य किया।     

        आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम पूरे जनपद में भव्यता एवं दिव्यता के साथ आयोजित किया गया। तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर तक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।  कार्यक्रम में जनपद के प्रबुद्धजन, छात्र-छात्राएं, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया। आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जयराम यादव एवं जिला क्राधिकारी,  व्यायाम प्रशिक्षक संजय सिंह ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें