पहली उड़ान से लखनऊ पहुंचे किसानों का सीएम आवास पर हुआ सम्मान


लखनऊ, 15 जून (वार्ता ) जेवर से लखनऊ के लिए शुरू हुई पहली व्यावसायिक फ्लाइट से राजधानी पहुंचे 28 महिलाओं समेत कुल 170 किसान सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका भव्य स्वागत किया, स्मृति चिह्न दिए और संवाद के दौरान कहा कि जेवर अब वह जगह बन गया है जहां ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के लिए जमीन देने वाले किसानों के लिए सोमवार का दिन यादगार बन गया। योगी ने किसानों को बताया कि जब कैबिनेट ने जेवर एयरपोर्ट को मंजूरी दी तो उन्होंने अधिकारियों को 100 दिन के अंदर अधिग्रहण शुरू करने का निर्देश दिया था। तय समय में काम न बढ़ने पर वे खुद ग्रेटर नोएडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचे और करीब सौ किसानों से मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा, “ मैंने कहा था कि यह एयरपोर्ट आपकी तकदीर बदल देगा। वक्त सबका आता है – कुछ बन जाते हैं, कुछ बिखर जाते हैं। जो मौके को पहचानता है, इतिहास उसी का बनता है।” किसानों के भरोसे और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के सहयोग से 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण का काम शुरू हुआ। एयरपोर्ट चार चरणों में बनेगा और पहले चरण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। योगी ने याद दिलाया कि नौ साल पहले जेवर आपराधिक गतिविधियों के लिए जाना जाता था। शाम होते ही सड़कें सुनसान हो जाती थीं, बेटियां असुरक्षित थीं और किसानों के पास कोई सुविधा नहीं थी। आज तस्वीर बदल चुकी है।
उन्होंने कहा कि बड़ी कंपनियां निवेश के लिए जेवर आ रही हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का पहला कार्गो और एमआरओ – मेंटेनेंस, रिपेयरिंग, ओवरहॉलिंग केंद्र बनने जा रहा है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें