दिव्य पीतांबरा फाउंडेशन द्वारा धूमावती जयंती एवं सातवें बड़े मंगलवार पर भव्य धार्मिक आयोजन, हवन-पूजन, सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारा संपन्न


गोरखपुर(दुर्गेश मिश्र)। जूही एन्क्लेव, सिक्टौर चौराहा, खोराबार स्थित मां बगलामुखी मंदिर परिसर में दिव्य पीतांबरा फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को मां धूमावती जयंती एवं सातवें बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मां धूमावती का विशेष पूजन, अभिषेक, श्रृंगार, हवन, आरती तथा भगवान श्रीहनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साधकों एवं भक्तों ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां धूमावती के विशेष पूजन एवं अभिषेक से हुआ। तत्पश्चात माता का दिव्य श्रृंगार कर आरती संपन्न की गई। विद्वान आचार्यों ने मां धूमावती के आध्यात्मिक एवं तांत्रिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मां धूमावती दस महाविद्याओं में विशेष स्थान रखती हैं तथा उनकी साधना से पितृदोष, ग्रहदोष, कालसर्प दोष, शत्रु बाधा, आर्थिक संकट, मानसिक तनाव एवं पारिवारिक कलह जैसी अनेक समस्याओं के निवारण की मान्यता है। शास्त्रों में मां धूमावती को संकटों का नाश कर साधक को आत्मबल, साहस एवं आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करने वाली देवी माना गया है।

विशेष हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता, व्यवसायिक उन्नति एवं समस्त प्रकार के दोषों के निवारण की कामना की। कार्यक्रम के दौरान अनेक श्रद्धालुओं ने मां धूमावती साधना एवं महाविद्या परंपरा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा कई साधकों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हुए आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं दीक्षा भी ग्रहण की।

वहीं सातवें बड़े मंगलवार के अवसर पर भगवान श्रीहनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता की। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु प्रभु भक्ति में सराबोर हो गए। "जय श्रीराम" और "जय बजरंगबली" के जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

हवन, पूजन एवं सुंदरकांड पाठ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मां धूमावती और भगवान हनुमान जी के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

दिव्य पीतांबरा फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा लोगों का धर्म एवं संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं आध्यात्मिक जागरण के उद्देश्य से फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में दुर्गेश मिश्रा (वरिष्ठ पत्रकार), अभिषेक जायसवाल, अभिषेक राव, प्रतीक दुबे,निखिलम सिंह,कृष्णा सिंह एवं कुनाल तिवारी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने दिव्य पीतांबरा फाउंडेशन के इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एवं सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

धार्मिक आस्था, वैदिक अनुष्ठानों, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और सेवा भाव से परिपूर्ण यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण एवं सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें