अयोध्या को विश्वस्तरीय नगरी बनाने का वादा करने वाले पहले अपना इतिहास देखें: योगी


हाथरस, 28 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुये कहा कि अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी बनाने की बात करने वालों को पहले अपना इतिहास देखना चाहिए, क्योंकि रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाली सरकार समाजवादी पार्टी की ही थी।

हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों में 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या आज त्रेतायुग की स्मृतियों को साकार कर रही है और रामभक्तों के परिश्रम से विश्वभर के श्रद्धालुओं का प्रमुख आस्था केंद्र बन चुकी है।
उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि वे अयोध्या की चिंता छोड़कर पहले पश्चाताप करें और एक बार रामलला के दर्शन करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समाजवादी पार्टी वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करती है तो उसे श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन तक रोक दिए गए थे और कांवड़ यात्रा पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने हाथरस में 22 से अधिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण कराया है, जबकि पहले आस्था स्थलों की उपेक्षा होती थी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी हत्या 25 जून 1975 को आपातकाल लगाकर की गई थी। उन्होंने कहा कि उस दौरान लोकतंत्र की आवाज उठाने वाले अनेक नेताओं को जेल भेजा गया था और कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की भावना का उल्लंघन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और माफिया राज के लिए जाना जाता था। मथुरा, मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर सहित अनेक जिलों में बार-बार दंगे होते थे, जिससे व्यापार, रोजगार और प्रदेश की छवि प्रभावित होती थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की स्थिति पूरी तरह बदल गई है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश में मोहर्रम के दौरान लगभग 12 हजार जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा, उपद्रव या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। सरकार ने ताजियों की ऊंचाई को लेकर ऐसी व्यवस्था बनाई जिससे हाईटेंशन लाइनों और आम लोगों की संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश बढ़ा है और हाथरस में औद्योगिक विकास को गति मिली है। मथुरा-बरेली फोरलेन परियोजना से क्षेत्र में उद्योगों के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि हाथरस के आलू उत्पादक किसानों के लिए प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि कोसी में भी प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किया गया है तथा आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर और वाराणसी में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट की स्थापना को मंजूरी दी गई है।
योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, मुफ्त राशन, शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा त्योहारों पर मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का युवा दूसरे राज्यों में अपनी पहचान छिपाने को मजबूर नहीं है। राज्य में अपराधियों और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के चलते उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और माफिया मुक्त प्रदेश के रूप में तेजी से विकास कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, स्मार्टफोन और युवा उद्यमी योजना के तहत स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए। उन्होंने विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा एक नन्ही बच्ची को गोद में लेकर उसे चम्मच से दूध भी पिलाया।
इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर, वीरेंद्र सिंह राणा, प्रदीप कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें