देश के आठ प्रेस क्लबों ने बनाया महासंघ
नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) राजधानी के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) सहित देश के आठ प्रमुख प्रेस क्लबों ने प्रेस-स्वतंत्रता और पत्रकार सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर 'फेडरेशन ऑफ प्रेस क्लब्स' नाम से एक नया फोरम बनाया है।इसके संस्थापक सदस्यों में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, मुंबई प्रेस क्लब, प्रेस क्लब कोलकाता, प्रेस क्लब हैदराबाद, चंडीगढ़ प्रेस क्लब, स्टेट प्रेस क्लब मध्य प्रदेश, गुवाहाटी प्रेस क्लब और अगरतला प्रेस क्लब शामिल हैं। फेडरेशन की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसे सोसायटी रजिस्ट्रेशन अधिनियम, 1860 के तहत पंजीकृत कराया गया है। फेडरेशन की संचालन-परिषद की पहली बैठक मंगलवार को पीसीआई में हुई।
विज्ञप्ति के अनुसार फेडरेशन की दस सदस्यीय इस संचालन परिषद में अध्यक्ष का कार्यभार दिल्ली प्रेस क्लब के सदस्य और इसके पूर्व अध्यक्ष गौतम लाहिडी को दिया गया है। श्री सौरभ दुग्गल इस नये निकाय के महासचिव और श्री नीरज ठाकुर कोषाध्यक्ष बनाये गये हैं।
फेडरेशन के नियमों एवं विनियमों के अनुसार, इसकी सदस्यता उन प्रेस क्लबों और मीडिया संगठनों को दी जाएगी जो विभिन्न राज्यों में कार्यरत पत्रकारों का प्रतिनिधित्व करते हों, जो विधिवित पंजीकृत हों और सक्रिय हों, जो अपने संविधान या आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुसार नियमित चुनाव कराते हों, तथा सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860, कंपनियों अधिनियम 2013 या इंडस्ट्रियल रिलेशंस कोड 2020 के प्रावधानों के अंतर्गत सरकारी प्रावधानों के अनुसार वैधानिक ऑडिटेड खातों को दाखिल करते हों।
संचालन परिषद की पहली बैठक में तय किया गया कि फेडरेशन ऑफ प्रेस क्लब्स की सदस्यता देश भर के अन्य प्रेस क्लबों और समान प्रेस संगठनों के लिए खुली रहेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें