राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन मरम्मत और पंक्चर सुविधा होगी उपलब्ध
नयी दिल्ली, 22 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के किनारे यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधा (वे-साइड अमेनिटीज) केंद्रों पर वाहन मरम्मत की दुकानें और पंक्चर मरम्मत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का कहना है कि उसके पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को वे-साइड अमेनिटीज के पट्टाधारकों को इस संबंध में सलाह देने का निर्देश दिया। कंपनी ने कहा कि कई राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर वाहन मरम्मत और पंक्चर सेवाओं की अधिक आवश्यकता महसूस की गई है। एनएचएलएमएल सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत दीर्घकालिक पट्टे के आधार पर आधुनिक वे-साइड अमेनिटीज का नेटवर्क विकसित कर रहा है। मौजूदा पट्टा समझौतों के तहत अनिवार्य सुविधाओं के अलावा विभिन्न अनुमेय सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं, जिनमें वाहन मरम्मत की दुकानें और पंक्चर मरम्मत केंद्र भी शामिल हैं। इन केंद्रों की परिकल्पना ऐसे एकीकृत सेवा केंद्रों के रूप में की गई है, जहां यात्रियों और वाणिज्यिक वाहनों के संचालकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
एनएचएआई ने कहा कि उसकी इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना, यात्रियों और माल ढुलाई संचालकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। पहल सुरक्षित और उपयोगकर्ता केंद्रित राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों के विकास तथा देशभर में यात्रियों और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने की उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें