मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर, कार्यक्रम से दूर रहेंगे चंपत राय
लखनऊ, 18 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन पूजन भी शामिल है। हालांकि राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उपजे विवाद के बाद योगी का यह पहला दौरा है जिसे काफ़ी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बीच अयोध्या पहुचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चंपत राय और गोपाल राव को गिरफ्तार करने की मांग की है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या जाएँगे। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर चल रहे विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को मुख्यमंत्री के मंदिर कार्यक्रम से दूर रखने की चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल योगी आदित्यनाथ के अयोध्या पहुंचने से पहले ही जिला प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी निर्देशों के बिंदु संख्या 29 में चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि मुख्यमंत्री के राम मंदिर दर्शन पूजन कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए वह किसी अन्य व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि नामित करें। इसकी सूचना ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सीयूजी नंबर पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विवाद और जांच का मामला चर्चा में है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इसे महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। वहीं चंपत राय के समर्थन में दी गई सफाइयों का भी फिलहाल कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। हालांकि प्रशासन या ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है कि यह निर्णय किस कारण से लिया गया।
सुरक्षा प्रोटोकॉल में प्रतिनिधि नामित करने के निर्देश ने चर्चाओं को और तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे और राम मंदिर कार्यक्रम पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इधर, गुरुवार को चौथे दिन स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम सुबह 8.30 बजे राम मंदिर पहुंच गई। सूत्रों के मुताबिक, चढ़ावा राशि की गिनती और उससे जुड़े कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर टीम आज मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र से पूछताछ कर रही है।
इस बीच राम मंदिर दर्शन करने पहुचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा चढ़ावा चोरी कर रही है। इसमें बड़े लोग शामिल हैं। यह हिस्से के बंटवारे की लड़ाई है। सोने की ईंटें गायब हैं। श्री राय ने कहा कि भाजपा चोरी को दबाने की कोशिश कर रही है। चंपत राय और गोपाल राव की गिरफ्तारी होनी चाहिए। ये भगवान राम के नाम पर लूट कर रहे हैं। मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच करानी चाहिए।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें