अगर महाराजा सुहेलदेव होते तो विदेशी आक्रांता राम मंदिर को तोड़ नहीं पाते: योगी
आजमगढ़ 13 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर महाराजा सुहेलदेव होते, तो विदेशी आक्रांता कभी भी अयोध्या में राम मंदिर को नहीं तोड़ पाते। योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मन में जनआस्था के प्रति कोई सम्मान नहीं है, इसलिए जनता को अब उन्हें ढोने की जरूरत नहीं है। एक जनसभा के दौरान इतिहास और आस्था का जिक्र करते हुए योगी ने विपक्ष को जमकर घेरा। उन्होंने देश के विभाजन और ऐतिहासिक भूलों के लिए कांग्रेस और सपा को जिम्मेदार ठहराया।उन्होने कहा कि महाराजा सुहेलदेव के न रहने के कारण हमारे समाज के लोग आपस में विभाजित हो गए। इसी बिखराव का फायदा उठाकर विदेशी आक्रांताओं ने देश पर हमले किए और हमारे पवित्र स्थलों को नुकसान पहुंचाया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आजादी के कई दशक बीत जाने के बाद भी न तो कांग्रेस ने और न ही समाजवादी पार्टी ने कभी देश की सांस्कृतिक धरोहरों को संवारने का काम किया। इन दोनों ही दलों के पास धार्मिक आस्था के लिए कोई सम्मान नहीं है।
आजमगढ़ की जनता से भावुक और कड़क अपील करते हुए उन्होने सवालिया अंदाज में कहा, “ जो दल आपकी आस्था और परंपरा का सम्मान नहीं कर सकते, उन्हें आप कब तक ढोते रहेंगे। अब समय आ गया है कि आस्था का अपमान करने वालों को सबक सिखाया जाए । बस जरूरत है सभी लोगों को डबल इंजन की सरकार से जुड़ने की और उसका सहयोग करने की ।”
सं प्रदीप

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें