बेटी किसी की भी हो, उसका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: योगी
आजमगढ़, 13 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बड़ी बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि "बेटी किसी की भी हो, उसका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ के सदर और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 955 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के अवसर पर महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही उक्त मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के सख्त कदम उठाती रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अखिलेश जी, दूसरों को उपदेश देना बहुत आसान है। दूसरों को ज्ञान देने से पहले अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दीजिए कि वे अपनी भाषा में संयम रखें।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी के परिवार, विशेषकर बेटियों को राजनीति में घसीटना और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, "हम लोग सनातन संस्कारों में पले-बढ़े हैं। हमारे यहां परंपरा रही है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है और गांव की बहन सबकी बहन होती है।" उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है और विभिन्न दल इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के माध्यम से स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया कि महिलाओं के सम्मान के मामलों में सरकार किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें