सपा के लिये सैफई ही परिवार जबकि मेरे लिये पूरा प्रदेश एक परिवार: योगी
उन्नाव, 18 जून ( वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के लिये सैफई ही घर-परिवार है, जबकि उनके लिए पूरा प्रदेश घर है और 25 करोड़ लोग परिवार के सदस्य हैं।योगी ने यहां 570 करोड़ रुपये से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। मुख्यमंत्री ने बताया कि वीर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृति में निर्मित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की क्षमता दोगुनी कर दी गई है।
जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि 12 साल में देश और 9 साल में यूपी में डबल इंजन सरकार ने जो काम किया, वह कांग्रेस और सपा नहीं कर सकीं। ये भ्रष्ट और क्षमता विहीन लोग केवल अपने परिवार के बारे में सोचते थे। कांग्रेस ने नेहरू-गांधी परिवार से बाहर नहीं सोचा और सपा के लिए सैफई ही सब कुछ था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को घर और 140 करोड़ लोगों को परिवार माना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में माफिया का वैसा ही आतंक था जैसा रामायण काल में खर-दूषण का। कांग्रेस और सपा के नेता कभी गरीब के लिए नहीं रोए। इनके आंसू माफिया के मरने पर निकलते हैं। सर्वाधिक समय तक शासन करने के बावजूद ये दोनों दल देश और प्रदेश को दुर्गति में धकेलने के जिम्मेदार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव अब स्टेट कैपिटल रीजन का हिस्सा बन गया है। लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे से उन्नाववासी लखनऊ को बाईपास कर सीधे दिल्ली और प्रयागराज जा सकेंगे। कानपुर के लिए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भी बन रहा है। गंगा नदी पर उन्नाव और कानपुर की कनेक्टिविटी के लिए अतिरिक्त ब्रिज की मांग भी पूरी की गई है।
उन्होंने बताया कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के लिए करीब 700 एकड़ और इंडस्ट्रियल कलस्टर के लिए 200 एकड़ जमीन उन्नाव में तैयार है। उद्योग लगने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। हम उन्नाव को पिछड़ने नहीं देंगे। योगी ने कहा कि यूपी पर प्रभु श्रीराम, बांके बिहारी, बाबा विश्वनाथ और मां गंगा का आशीर्वाद है। यहां पैसे की कमी नहीं है। अब कोई उपद्रव नहीं करता। हर त्योहार गरीबों के लिए भी खुशहाली लाते हैं। पहले किसान को फसल का दाम और बिजली नहीं मिलती थी। अब प्रधानमंत्री आवास, रसोई गैस, राशन, पेंशन, आयुष्मान जैसी सुविधाएं बिना सिफारिश मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों के दोहरे चरित्र पर हंसी आती है। प्रदेश को पहचान का संकट देने वाले, माफियाराज और दंगा-कर्फ्यू देने वाले आज उपदेश दे रहे हैं। सपा के नाम पर ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ की चर्चा होती है। नया भारत और नया उत्तर प्रदेश सम्मान और स्वाभिमान से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शता।
उन्होने कहा कि एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी में यूपी सबसे आगे है। गंगा एक्सप्रेसवे की राइडिंग क्वालिटी दुनिया की सबसे अच्छी सड़कों जैसी है। इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री को उन्नाव और हरदोई के बीच आमंत्रित किया गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें