नोएडा एयरपोर्ट की पहली उड़ान से लखनऊ पहुंचे जेवर के किसान


लखनऊ, 15 जून (वार्ता) नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को लखनऊ के लिए रवाना हुई पहली उड़ान सिर्फ यात्री सेवा की शुरुआत नहीं थी, बल्कि जेवर के उन किसानों के लिए भावनात्मक पल भी बन गई जिन्होंने एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन दी थी। इस ऐतिहासिक उड़ान में यात्री बनकर पहुंचे किसान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उतरे तो चेहरों पर गर्व, खुशी और आंखों में नमी साफ दिखी।

किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा, “हमारे गांव में अब विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है। हवाई चप्पल पहनने वाले किसानों को हवाई जहाज में बैठाकर सरकार ने साबित किया कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।”
उन्होंने सीएम योगी और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का विशेष आभार जताया और कहा कि किसानों से किया गया हर वादा पूरा हुआ है। किसान हाजी जफर ने कहा कि भूमि अधिग्रहण के दौरान घर-घर जाकर सहमति ली गई और किसानों ने खुशी-खुशी जमीन दी। सरकार ने ऐसा काम किया कि हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया। प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। योगी जी मुस्लिम समाज में भी लोकप्रिय हैं क्योंकि योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सबको मिला है, सुरक्षा मिली है।
किसान इकबाल कल्लू ने कहा कि एयरपोर्ट के लिए जमीन देने के बाद आज उसी से उड़ान भरकर राजधानी पहुंचना गर्व की बात है।सरकार ने सिर्फ मुआवजा नहीं दिया, किसानों को विकास यात्रा का सहभागी भी बनाया है। बुजुर्ग किसान जयवीर ने कहा कि उन्होंने कई सरकारें देखी हैं, “लेकिन विकास का ऐसा दौर पहले कभी नहीं देखा। किसानों को सम्मान देने की यह पहल हमेशा याद रखी जाएगी।” जयकरन सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट से आने वाली पीढ़ियों को नए अवसर मिलेंगे।
किसानों ने साफ कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने उनके गांव को नई पहचान दी है और सीएम योगी ने वादे निभाकर उनके सपनों को साकार किया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें