ऊर्जा मंत्री ने पीएम सूर्य घर बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की, लाभार्थियों को शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश
वाराणसी, 6 जून (वार्ता) पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने की।बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंदर सिंह ने योजना की वर्तमान प्रगति, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। श्री शर्मा ने वाराणसी जनपद में कार्यरत वेंडरों से योजना के क्रियान्वयन की स्थिति तथा उनके समक्ष आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। वेंडरों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना में तेजी लाई जाए तथा पहले से स्थापित मीटरों का कॉन्फिगरेशन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बैंकों को भी निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए। न्यूनतम आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृत किए जाएं तथा बिना उचित कारण किसी भी पात्र आवेदक का ऋण आवेदन निरस्त न किया जाए।
बैठक में मंत्री ए.के. शर्मा ने यूपीनेडा द्वारा सौर ऊर्जा स्थापना के क्षेत्र में अप्रैल और मई माह में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष श्रेणी में स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय वेंडरों, उपभोक्ताओं, जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों को देते हुए सभी को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत पूरे देश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए सभी संबंधित विभाग एवं संस्थाएं पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा का लाभ मिल सके और प्रदेश स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सके।
इस अवसर पर मंत्री द्वारा “सोलर दीदी” को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने पर भी बल दिया।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें