जयंत ने कौशल भवन में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के कर्मचारियों के बच्चों के लिए शिशु सदन केंद्र का उद्घाटन किया
नयी दिल्ली 06 जून (वार्ता) समावेशी, करुणामय और जन-केंद्रित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा कदम उठाते हुए केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी मंत्रालय के कर्मचारियों के बच्चों के लिए कौशल भवन में शिशु सदन केंद्र का उद्घाटन किया।
एमएसडीई मुख्यालय में लगभग 600 वर्ग मीटर में फैला यह नया शिशु सदन बच्चों के लिए एक स्वागतपूर्ण, सुरक्षित और शैक्षिक वातावरण प्रदान करेगा। यहाँ बच्चे सीख सकते हैं, खेल सकते हैं और आराम कर सकते हैं।
मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस शिशु सदन में आरामदायक सोने और आराम करने के लिए स्थान, बच्चों के लिए आकर्षक खेल और गतिविधि क्षेत्र, उनकी उम्र के अनुसार सीखने के संसाधन, बच्चों के अनुकूल फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय और शिशुओं और छोटे बच्चों के आराम और स्वास्थ्य के लिए विशेष रूप से तैयार किए गये भोजन और डायपर बदलने के कमरे हैं। प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं और सहायक कर्मचारियों द्वारा संचालित इस शिशु सदन को छह महीने से छह साल तक के बच्चों की विकास और देखभाल संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सोच-समझकर डिज़ाइन किया गया है।नवनिर्मित शिशु सदन केवल बुनियादी ढांचे तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी संस्कृति का प्रतीक है जो देखभाल को महत्व देती है, बचपन के विकास में मदद करती है और कर्मचारियों को पेशेवर प्रतिबद्धताओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में सक्षम बनाती है। कार्यस्थल के पास गुणवत्तापूर्ण शिशु सदन की पहल कामकाजी माता-पिता के लिए सहायक है और कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के अधिक समावेशी, परिवार-अनुकूल और जन-केंद्रित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी और महानिदेशक (प्रशिक्षण) श्री दिलीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें