सदर सांसद रवि किशन ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, मातृ सेवा कार्यक्रम की भी हुई लॉन्चिंग


गोरखपुर। सदर सांसद रवि किशन ने रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने दर्जनों बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई तथा उन्हें खिलौने और चॉकलेट वितरित कर अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर सदर सांसद रवि किशन ने कहा कि भारत में पोलियो का उन्मूलन वर्षों पहले हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद हैं। ऐसे में देश के बच्चों को सुरक्षित बनाए रखने के लिए पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को नियमित रूप से पोलियो की दवा पिलाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की प्रत्येक खुराक अवश्य दिलाएं।

इस अवसर पर सदर सांसद ने जिले के नवाचार “मातृ सेवा कार्यक्रम” (मैटरनल इमरजेंसी असिस्टेंस फॉर टाइमली रेफरल एंड इंटेंसिव सर्विसेज) का भी शुभारंभ किया तथा रेफरल कार्ड का अनावरण किया।

उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से गोरखपुर से शुरू किया गया यह अभिनव प्रयास अनुकरणीय है। समुदाय स्तर से लेकर चिकित्सा इकाई स्तर तक गर्भवती महिलाओं के नियमित फॉलो-अप और समय पर रेफरल की व्यवस्था मातृ मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मॉडल अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने पल्स पोलियो अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को जिले के 1887 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। उन्होंने बताया कि 29 जून से 03 जुलाई तक 1494 टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाएंगी। उन्होंने कहा कि पोलियो की यह दवा पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अभियान में पूर्ण सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जय कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नंदलाल कुशवाहा, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्र, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह और डीपीएम पंकज आनंद सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें