मुख्यमंत्री शिक्षक सुरक्षा कैशलेस चिकित्सा योजना से 10 दिन में 142 शिक्षकों को मिला लाभ


लखनऊ, 18 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक सुरक्षा कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू होने के महज 10 दिनों के भीतर 142 शिक्षकों और उनके आश्रितों के उपचार को मंजूरी दी गई है। इन मामलों में कुल 37.81 लाख रुपये के कैशलेस उपचार की स्वीकृति प्रदान की गई है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ जुलाई 2026 को इस योजना का शुभारंभ किया था। योजना के तहत प्रदेश के शिक्षकों और उनके आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (साचीज) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अर्चना वर्मा ने बताया कि अब तक स्वीकृत 142 प्री-ऑथराइजेशन मामलों में 128 मामले बेसिक शिक्षा विभाग तथा 14 मामले माध्यमिक शिक्षा विभाग से संबंधित हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के मामलों में 34.15 लाख रुपये और माध्यमिक शिक्षा विभाग के मामलों में 3.66 लाख रुपये के उपचार को मंजूरी दी गई है।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 52 मामले जनरल मेडिसिन से जुड़े हैं। इसके अलावा जनरल सर्जरी के 28, ऑर्थोपेडिक्स के 15, यूरोलॉजी के नौ, मेडिकल ऑन्कोलॉजी के आठ, नवजात शिशु देखभाल के छह, प्रसूति एवं स्त्री रोग के छह, नेत्र रोग के छह तथा कार्डियोलॉजी के चार मामलों में उपचार की स्वीकृति दी गई है। अन्य विशेषज्ञताओं से जुड़े मामलों को भी मंजूरी मिली है।
बयान के अनुसार, अब तक 47 जिलों के शिक्षकों और उनके परिजनों के उपचार को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। सर्वाधिक 12 मामले गोरखपुर से आए हैं। प्रयागराज से सात तथा जौनपुर, मुरादाबाद और वाराणसी से छह-छह मामलों को मंजूरी मिली है। बुलंदशहर, देवरिया और अयोध्या से पांच-पांच तथा आगरा, अलीगढ़, आजमगढ़, बिजनौर, कौशांबी, मऊ और पीलीभीत से चार-चार मामलों को स्वीकृति दी गई है।
उपचार राशि के आधार पर वाराणसी पहले स्थान पर है, जहां लगभग 3.19 लाख रुपये के उपचार को मंजूरी दी गई है। इसके बाद गोरखपुर में 2.39 लाख रुपये, प्रयागराज में 2.21 लाख रुपये, फतेहपुर में 2.02 लाख रुपये, बदायूं में 1.61 लाख रुपये, जालौन में 1.55 लाख रुपये तथा हरदोई में 1.45 लाख रुपये के उपचार को स्वीकृति मिली है।
सरकार का कहना है कि शुरुआती आंकड़े दर्शाते हैं कि योजना के माध्यम से शिक्षकों और उनके आश्रितों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए समय पर कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें