काशी से देशभर में गूंजेगा संत रविदास का संदेश, जन्मस्थली की मिट्टी 131 कलशों में 27 राज्यों तक पहुंचेगी
वाराणसी, 22 जुलाई (वार्ता) संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुरु पूर्णिमा से माघी पूर्णिमा तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस क्रम में उनकी जन्मस्थली वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी 131 कलशों में भरकर उत्तर प्रदेश समेत 27 राज्यों में भेजी जाएगी, जहां गांव-गांव और बस्ती-बस्ती में उसका पूजन कर संत रविदास के सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश का प्रसार किया जाएगा।भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मंगलवार को यहां सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी के क्षेत्र, जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष को भव्य और व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास का योगदान केवल वाराणसी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने पूरे देश और विश्व को सामाजिक समरसता, मानवता और समानता का संदेश दिया। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित रहा और वे सदैव सामाजिक समरसता के महानायक के रूप में स्मरण किए जाएंगे।
श्री चुग ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत रविदास महाराज की जन्मस्थली पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा देशभर से संत समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जन्मस्थली की मिट्टी से भरे 131 कलशों का पूजन एवं आरती की जाएगी तथा एक जनसभा भी आयोजित होगी। इसके लिए 28 जुलाई को देश के विभिन्न हिस्सों से 131 टोलियां सीर गोवर्धनपुर पहुंचेंगी और कलशों में पवित्र मिट्टी भरी जाएगी। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को सभी 131 कलश वाहनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों, देश के 27 राज्यों तथा छह क्षेत्रों के लिए रवाना किए जाएंगे। इन कलशों के माध्यम से जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी देशभर के गांवों और बस्तियों तक पहुंचाई जाएगी, जहां उसका पूजन किया जाएगा।
श्री चुग ने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का राष्ट्रीय अभियान है। इस पहल से देश के विभिन्न राज्यों और संगठनात्मक क्षेत्रों का संत रविदास की जन्मस्थली से सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव भी मजबूत होगा।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लाल सिंह आर्य ने कहा कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत रविदास महाराज की जन्मस्थली पर होने वाला कार्यक्रम देश को सामाजिक समरसता का नया संदेश देगा। उन्होंने कहा कि भक्ति आंदोलन ने समाज को नई दिशा दी और संत रविदास ने जीवनभर आडंबर का विरोध करते हुए मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि जयंती वर्ष के आयोजनों की तैयारियों को लेकर 23 जुलाई को लखनऊ में कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद 25 से 27 जुलाई तक जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस बीच, 29 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा नेताओं ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने वालों में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लाल सिंह आर्य, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें