रेल एवं मेट्रो टेक्नोलॉजी एक्सपो-2026 में आरेडिका ने प्रदर्शित की अत्याधुनिक कोचनिर्माण क्षमता


रायबरेली, 23 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 7वें रेल एवं मेट्रो टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव एवं एक्सपो-2026 में अपनी अत्याधुनिक कोच निर्माण क्षमता, आधुनिक विनिर्माण तकनीकों और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रदर्शन कर रहा है।

आरेडिका के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डी.के. सक्सेना ने गुरुवार को बताया कि 22 से 24 जुलाई तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में रेल एवं मेट्रो क्षेत्र से जुड़े प्रमुख उद्योग, नीति-निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, प्रौद्योगिकी प्रदाता तथा व्यावसायिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में आरेडिका के स्टॉल संख्या एम-136ए पर लघु कोच मॉडल, ट्रांसलाइट्स, प्रचार सामग्री तथा ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से कारखाने की उपलब्धियों, आधुनिक निर्माण प्रक्रियाओं तथा भारतीय रेल के आधुनिकीकरण में उसके योगदान को प्रदर्शित किया जा रहा है।
श्री सक्सेना ने कहा कि आरेडिका का पवेलियन आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और विशेषज्ञों ने स्टॉल का अवलोकन कर कारखाने की विश्वस्तरीय कोच निर्माण सुविधाओं, उन्नत तकनीकों और उच्च गुणवत्ता मानकों की सराहना की।
उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में भागीदारी के माध्यम से आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना उद्योग जगत के साथ सहयोग को और मजबूत करने, नई प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहित करने तथा 'आत्मनिर्भर भारत' और भारतीय रेल के आधुनिकीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित कर रहा है।
इसके साथ ही आरेडिका विभिन्न लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा अन्य संगठनों को भारतीय रेलवे ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली (आईआरईपीएस) में पंजीकरण के लिए भी जागरूक कर रहा है, जिससे अधिकाधिक उद्यम रेलवे की खरीद प्रक्रिया से जुड़ सकें।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह प्रदर्शनी 24 जुलाई तक चलेगी और इच्छुक आगंतुक भारत मंडपम में स्टॉल संख्या एम-136ए पर आरेडिका की अत्याधुनिक कोच निर्माण तकनीकों और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

गार्डनिंग के क्षेत्र में रोजगार की है अपार संभावनाएं: डॉ वीरेंद्र सिंह

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना