महाकुंभ-2031 की तैयारी में जुटा रेलवे, छिवकी स्टेशन बनेगा बड़ा कनेक्टिविटी हब


प्रयागराज, 10 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में वर्ष 2031 में आयोजित होने वाले महाकुंभ को लेकर भारतीय रेलवे ने अभी से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए रेलवे एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कर रहा है, जिसमें प्रयागराज का छिवकी रेलवे स्टेशन प्रमुख भूमिका में होगा। रेलवे ने छिवकी स्टेशन को देश के बड़े कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करने की योजना को मास्टर प्लान में शामिल किया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार छिवकी रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया जाएगा। इसके तहत नए प्लेटफॉर्मों का निर्माण, यात्री सुविधाओं का विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। नए प्लेटफॉर्मों को मानिकपुर तक बन रही तीसरी रेलवे लाइन से सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे मुंबई और जबलपुर की दिशा से आने-जाने वाली ट्रेनों का संचालन सुगम हो सकेगा।
दक्षिण भारत से आने वाली ट्रेनों के संचालन की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी और इन्हें नए प्लेटफॉर्मों से संचालित करने की योजना है। हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेलमार्ग पर स्थित छिवकी, प्रयागराज जंक्शन के बाद शहर का दूसरा सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन है। इसके विकास से मुंबई, जबलपुर तथा दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सीधे लाभ मिलेगा।
रेलवे की योजना के तहत महाकुंभ के दौरान श्रद्धालु छिवकी स्टेशन से सीधे अरैल क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे, जहां से उन्हें स्नान एवं अन्य धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। वापसी के लिए भी इसी स्टेशन का उपयोग किया जा सकेगा।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि प्लेटफॉर्मों की संख्या बढ़ने और आधारभूत ढांचे के विस्तार से इस रूट पर नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को छिवकी स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया जा सकेगा, जिससे महाकुंभ-2031 के दौरान संभावित भारी यात्री दबाव का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

खुशहाली की राहें